कोल्लम (केरल), 30 अप्रैल (भाषा) केरल के पुनालुर में एक आवारा कुत्ते के हमले के कारण सात वर्षीय बच्ची की ‘रेबीज’ से मौत के बाद चार सरकारी चिकित्सकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पथनापुरम निवासी निया फैसल की पिछले साल मई में अपने घर के सामने खेलते समय एक आवारा कुत्ते के हमले के बाद रेबीज के संक्रमण से मौत हो गई थी।
उसे पहले पुनालुर स्थित सरकारी तालुक अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में तिरुवनंतपुरम राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
उसकी मौत के बाद परिजन ने पुनालुर अस्पताल के चिकित्सकों पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजन ने इसके बाद मजिस्ट्रेट की अदालत में शिकायत की और अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने तथा जांच करने के निर्देश दिए।
पुनालुर थाने के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुनालुर सरकारी तालुक अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार, डॉ. देवी लक्ष्मी, डॉ. अंजिता और डॉ. जयसूर्या के खिलाफ दो दिन पहले मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों पर चिकित्सा लापरवाही और सबूत नष्ट करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।
भाषा यासिर सुरभि
सुरभि