एचयूएल का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 20.96 प्रतिशत बढ़कर 2,994 करोड़ रुपये

Ads

एचयूएल का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 20.96 प्रतिशत बढ़कर 2,994 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 11:19 AM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 11:19 AM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दैनिक उपयोग की घरेलू वस्तुएं (एफएमसीजी) बनाने वाली प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 20.96 प्रतिशत बढ़कर 2,994 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का शुद्ध लाभ एक साल पहले की समान अवधि में 2,475 करोड़ रुपये रहा था।

एचयूएल ने आय का विवरण देते हुए बयान में कहा, समीक्षाधीन तिमाही में उत्पादों की बिक्री से राजस्व 2025-26 में 8.13 प्रतिशत बढ़कर 16,172 करोड़ रुपये रहा। कुल खर्च 7.2 प्रतिशत बढ़कर 16,615 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, अन्य आय सहित कुल आय 5.01 प्रतिशत बढ़कर 16,580 करोड़ रुपये रही। यह 12 तिमाहियों में उसकी सबसे तेज वृद्धि है।

समूचे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का शुद्ध लाभ 15,059 करोड़ रुपये रहा जिसमें ‘न्यूट्रिशनलैब’ के विनिवेश से सहायता मिली। इस दौरान कुल आय 4.6 प्रतिशत बढ़कर 65,219 करोड़ रुपये हो गई।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक प्रिया नायर ने कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2025-26 में अनुकूल व्यापक आर्थिक नीतियों के कारण मांग का माहौल बेहतर रहा।’’

उन्होंने बताया कि कंपनी ने वृद्धि को तेज करने के लिए खंड को मजबूत करने, निवेश बढ़ाने, मांग सृजन क्षमताओं को सुदृढ़ करने और संगठन को सरल बनाने जैसे कदम उठाए।

नायर ने कहा कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के कारण जिंसों और मुद्रा में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम अनुशासित बचत, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और संतुलित मूल्य निर्धारण के जरिये इन चुनौतियों से निपट रहे हैं। भविष्य में हमारी मजबूत ब्रांड स्थिति, वित्तीय आधार और परिचालन दक्षता हमें इस अस्थिर माहौल में आगे बढ़ने में मदद करेगी।’’

भाषा निहारिका

निहारिका