बदायूं में बारात घर से एक साल के बच्चे का अपहरण

बदायूं में बारात घर से एक साल के बच्चे का अपहरण

बदायूं में बारात घर से एक साल के बच्चे का अपहरण
Modified Date: April 16, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: April 16, 2026 10:24 pm IST

बदायूं, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में एक बारात घर से एक साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना विवाह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

संभल जिले की रहने वाली शांति देवी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, वह बुधवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बदायूं आई थी।

शिकायत के अनुसार, शांति ने अपने बेटे सौरभ को बारात घर के एक कमरे में सुला दिया था और ‘जयमाला’ की रस्म देखने चली गई थी, लेकिन जब वह वापस आई, तो बच्चा गायब था।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात महिला को बच्चे को परिसर से दूर ले जाते हुए देखा जा सकता है।’

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश सिंह कठेरिया ने कहा कि बच्चे का पता लगाने के लिए पुलिस की चार टीम तैनात की गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘हम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। हमने घटना के संबंध में एक वाहन और कुछ संदिग्धों की पहचान की है। हमारी टीमें छापेमारी कर रही हैं और हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लेंगे।’

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल


लेखक के बारे में