कोलकाता, दो जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि चुनाव बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों के विरोध में कोलकाता में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के धरने में टीएमसी के कुछ ही नेता शामिल हुए।
हुगली जिले के प्रसिद्ध तारकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ममता बनर्जी के विरोध-प्रदर्शन में सिर्फ तीन सांसद और छह विधायक ही पहुंचे… टीएमसी की हालत अब दयनीय है। यह फाल्टा जैसी हो गई है।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद, तृणमूल कार्यकर्ताओं और नेताओं पर कथित तौर पर हुए हमलों के विरोध में बनर्जी ने मंगलवार को मध्य कोलकाता में दिन भर धरना दिया।
फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान में भाजपा ने एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। इस निर्वाचन क्षेत्र को लंबे समय से टीएमसी का गढ़ माना जाता रहा है, जहां पार्टी के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई।
अधिकारी ने तारकेश्वर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की और कहा कि यह मंदिर बंगाल के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बंगाल में हिंदुत्व आज भी फल-फूल रहा है। मैंने मंदिर में पूजा-अर्चना की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तारकेश्वर मंदिर से संबंधित कुछ कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, मैं कल की कैबिनेट बैठक से पहले इस बारे में कुछ भी खुलासा नहीं करूंगा।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश