सिर्फ तृणमूल कांग्रेस ही ‘डबल इंजन’ सरकार को सत्ता से बाहर कर सकती है: ममता बनर्जी

Ads

सिर्फ तृणमूल कांग्रेस ही ‘डबल इंजन’ सरकार को सत्ता से बाहर कर सकती है: ममता बनर्जी

  •  
  • Publish Date - February 7, 2023 / 05:58 PM IST,
    Updated On - February 7, 2023 / 05:58 PM IST

अगरतला, सात फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी एकमात्र दल है जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ की सरकार को सत्ता से बाहर कर सकती है और देश के लोगों को भाजपा का विकल्प मुहैया करा सकती है।

यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा के शासन में त्रिपुरा में लोकतंत्र को पीछे धकेल दिया गया, क्योंकि ‘दलों को राजनीतिक बैठकें आयोजित करने की अनुमति नहीं है और पत्रकारों ने समाचार एकत्र करने का अधिकार खो दिया।”

उन्होंने कहा, “ दो साल पहले हमारी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई। उनमें से कुछ को अवैध रूप से सलाखों के पीछे डाल दिया गया। राज्य में लोकतंत्र की हालत खराब है और हमारे नेताओं और सदस्यों को गलत कार्यों का विरोध करने के लिए यातना दी गईं।”

भाजपा का साफ तौर पर संदर्भ देते हुए बनर्जी ने कहा कि जो दल लोगों को 100 दिन के काम की गारंटी नहीं दे सकता है, उसे वोट मांगने का कोई हक नहीं है।

उन्होंने कहा, “ टीएमसी एकमात्र पार्टी है जो देश से डबल इंजन सरकार को (सत्ता से) बाहर कर सकती है और लोगों को विकल्प दे सकती है।”

टीएमसी प्रमुख ने यह भी कहा कि त्रिपुरा के लोग आगामी चुनाव में माकपा-कांग्रेस के गठबंधन को खारिज कर देंगे जैसे लोगों ने बंगाल में किया था।

उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर उनका दल सत्ता में आता है तो विकास की वही योजनाएं त्रिपुरा में भी शुरू की जाएंगी जो फिलहाल बंगाल में उपलब्ध हैं जिनमें लक्ष्मी भंडार और कन्याश्री जैसी योजनाएं शामिल हैं।

भाषा नोमान नरेश

नरेश