एक सप्ताह के लिए टीवी पर होने वाली परिचर्चाओं में भाजपा की ओर से केवल महिला नेता लेंगी भाग

Ads

एक सप्ताह के लिए टीवी पर होने वाली परिचर्चाओं में भाजपा की ओर से केवल महिला नेता लेंगी भाग

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 08:46 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार से एक सप्ताह के लिए टीवी पर होने वाली परिचर्चाओं में सांसदों समेत केवल महिला नेताओं को भेजने का निर्णय लिया है।

इस कदम के जरिये पार्टी 2029 से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित विधेयकों पर संसद में होने वाली चर्चा के पहले एक मजबूत संदेश देना चाहती है।

सरकार 16 अप्रैल से शुरू होने वाली बजट सत्र की तीन दिवसीय विशेष बैठक के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण अधिनियम) में प्रस्तावित संशोधनों को संसद में पेश करने और उन्हें स्वीकृति दिलाने की तैयारी कर रही है।

पार्टी के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधनों के मद्देनजर भाजपा ने निर्णय लिया है कि इस सप्ताह के दौरान सभी टीवी समाचार चैनलों पर होने वाली परिचर्चाओं में पार्टी का प्रतिनिधित्व केवल महिला प्रवक्ताएं करेंगी।”

सूत्र ने यह भी बताया कि प्रवक्ताओं के अलावा सांसदों समेत भाजपा की अन्य महिला नेता इस सप्ताह टीवी परिचर्चाओं में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सूत्रों ने बताया कि अपराजिता सारंगी, बांसुरी स्वराज और कमलजीत सहरावत समेत महिला सांसद भी टीवी परिचर्चाओं में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगी।

भाषा जोहेब माधव

माधव