विपक्षी दलों ने मदरसों में वंदे मातरम् के गायन को बंगाल सरकार का ‘मनमाना’ कदम बताया

विपक्षी दलों ने मदरसों में वंदे मातरम् के गायन को बंगाल सरकार का ‘मनमाना’ कदम बताया

विपक्षी दलों ने मदरसों में वंदे मातरम् के गायन को बंगाल सरकार का ‘मनमाना’ कदम बताया
Modified Date: May 21, 2026 / 07:47 pm IST
Published Date: May 21, 2026 7:47 pm IST

कोलकाता, 21 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में विपक्षी दलों ने मदरसों में वंदे मातरम् का गायन अनिवार्य किए जाने के भाजपा सरकार के फैसले की बृहस्पतिवार को आलोचना करते हुए इसे ‘‘मनमाना’’ और ‘‘देश की बहुलतावादी भावना को कमजोर करने का प्रयास’’ बताया।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता सुजन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में ‘‘गिरावट’’ से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने मदरसा शिक्षा निदेशालय के आदेश को ‘‘अनुचित’’ करार दिया।

चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इस सरकार की प्राथमिक चिंता शिक्षा क्षेत्र का पुनर्निर्माण होना चाहिए। लेकिन प्रशासन इस बात में ज्यादा दिलचस्पी ले रहा है कि स्कूलों में प्रार्थना सभा में कौन-सा गीत गाया जाए। इससे उनकी मंशा लोगों को भड़काने की लगती है, न कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार करने की।’’

भट्टाचार्य ने कहा कि वंदे मातरम् ऐतिहासिक रूप से विरोध और राजनीतिक लामबंदी से जुड़ा रहा है, इसलिए इसे मदरसों में अनिवार्य बनाना ‘‘उचित नहीं’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने राजनीतिक रैलियों और आंदोलनों में वंदे मातरम् का इस्तेमाल किया है। मुझे लगता है कि इसे मदरसों में अनिवार्य बनाना गलत फैसला है। सरकार मदरसों के शिक्षकों से परामर्श कर सकती थी और उन्हें फैसला लेने की अनुमति दे सकती थी। यह एक मनमाना निर्णय है।’’

उन्होंने कहा कि इस कदम से समाज के कुछ वर्गों में नाराजगी पैदा हो सकती है और उन्होंने सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

कांग्रेस की बंगाल इकाई के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘‘भारत की बहुलतावादी भावना को कमजोर करने की कोशिश’’ करने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘हम भाजपा से खतरे को लेकर लगातार चेतावनी देते रहे हैं।’’

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बार-बार कहा है कि भाजपा देश की बहुलतावादी और बहुसांस्कृतिक परंपराओं को कमजोर करना चाहती है।

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से परहेज किया।

आदेश के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम् का गायन तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है।

भाषा गोला सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में