विपक्षी दलों की भूमिका परिवार के ‘नाराज फूफा’ जैसी: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

Ads

विपक्षी दलों की भूमिका परिवार के ‘नाराज फूफा’ जैसी: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 07:33 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी रविवार को विपक्षी दलों पर ‘नाराज फूफा’ वाला तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति का कितना भी विरोध किया जाए, लेकिन लोगों के समर्थन से ‘2047 तक विकसित भारत’ बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

यह बयान प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत न केवल 7.8 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है, बल्कि युद्धों और वैश्विक व्यवधानों के बावजूद रोजगार के अवसर भी पैदा कर रहा है। मोदी ने कहा था कि यह देश की ताकत को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि जिन लोगों ने अर्थव्यवस्था को ‘‘नाजुक पांच’’ देशों की श्रेणी में पहुंचाया था, वे इस उपलब्धि को पचा नहीं पा रहे हैं।

शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधने के लिए ‘‘नाराज फूफा’’ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे ‘‘नकारात्मक लोगों’’ का पसंदीदा काम जनहित में सरकार की ओर से उठाए गए हर कदम का विरोध करना है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम सभी ने परिवार या समाज में ऐसे लोगों को देखा है, जो हमेशा असंतुष्ट रहते हैं और सकारात्मक रास्ते की कल्पना करना तो दूर, उस दिशा में आगे बढ़ने में भी सक्षम नहीं होते। प्रधानमंत्री ने ऐसे ही लोगों को ‘नाराज फूफा’ कहा है।’’

नवीन ने विपक्षी नेताओं से सवाल किया कि ‘‘भारत प्रगति कर रहा है, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया जा रहा है और नक्सलवाद को जमीनी स्तर पर पूरी तरह खत्म किया जा रहा है, फिर वे नाराज और परेशान क्यों हैं?’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम देख सकते हैं कि जिन नारों के साथ आप लंबे समय तक सत्ता में रहे, उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा किया है। करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। आप इससे भी परेशान हैं।’’

नवीन ने आरोप लगाया कि भारत के विकास या उसकी विरासत और संस्कृति की प्रगति को न देख पाना विपक्ष की ‘‘मुख्य पहचान’’ बन गई है, क्योंकि वे ‘‘अपने स्वार्थ और निजी प्रतिष्ठा पर ही अड़े रहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि आज भारत में विपक्ष की स्थिति परिवार के भीतर मौजूद ‘‘नाराज फूफा’’ जैसी हो गई है।

राज्यसभा सदस्य नवीन ने कहा, ‘‘हालांकि, मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि हम प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे। आज 140 करोड़ भारतीय इस सपने को साकार करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। आप चाहे जितना विरोध करें या नाराजगी जताएं, हम भारत के विकास की गति को रुकने नहीं देंगे।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘देश के 140 करोड़ नागरिकों के साथ मिलकर हम ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करेंगे।’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश