लोकसभा में विपक्ष की निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में विपक्ष की निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्यों ने निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और हंगामे के बीच ही करीब 35 मिनट तक प्रश्नकाल की कार्यवाही संचालित किए जाने के बाद बैठक दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
पीठासीन सभापति संध्या राय ने प्रश्नकाल शुरू कराया, तभी विपक्ष के सदस्य ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे।
हंगामे के बीच ही कृषि से संबंधित पूरक प्रश्न पूछे गए और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके उत्तर दिए।
पीठासीन सभापति संध्या राय ने आसन के समीप नारेबाजी कर रहे विपक्षी सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए कहा कि सदस्य किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रश्न पूछना चाहते हैं।
इस दौरान कृषि मंत्री चौहान ने टिप्पणी की, ‘‘विपक्ष जो तमाश कर रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है। जनता इसके लिए इन्हें माफ नहीं करेंगी।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘विपक्ष यहां हाय-हाय कर रहा है और दुनिया सरकार की वाह-वाह कर रही है।’’
पीठासीन सभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कई बार आग्रह किया कि वे सीटों पर जाएं और कार्यवाही चलने दें।
हालांकि, उनकी मांग का कोई असर नहीं होता दिखा और बैठक करीब 11.35 बजे दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
भाषा वैभव हक
हक

Facebook


