नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) विपक्षी नेताओं ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पर हल्के-फुल्के अंदाज में की गई एक टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा नेता को अमेरिकी राजदूत के ‘‘निजी सचिव’’ की भूमिका तक सीमित कर दिया गया है।
गोर ने बुधवार को यहां ‘ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (एसीएमए) के वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए कहा था कि यदि लोग उनसे संपर्क नहीं कर पाते हैं तो वे केंद्रीय मंत्री गोयल से संपर्क कर सकते हैं।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने इस टिप्पणी को लेकर सरकार पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि क्या भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो गयी है कि केंद्रीय मंत्री गोयल को अमेरिकी राजदूत के ‘‘सचिव’’ के रूप में अतिरिक्त काम करना पड़ रहा है।
खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘विश्वगुरु से वीजा कार्यालय के रिसेप्शनिस्ट तक, क्या पतन है।’’
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी गोर की टिप्पणी को लेकर गोयल पर निशाना साधा और कहा कि यह ‘‘शर्मनाक’’ है कि भारत के वाणिज्य मंत्री को अमेरिकी राजदूत के लिए नियुक्तियां तय करने वाले ‘‘निजी सचिव’’ की भूमिका में ला दिया गया है।
गोर ने कार्यक्रम में गोयल को अपना ‘‘प्रिय मित्र’’ बताया था।
उन्होंने कहा, ‘‘नयी दिल्ली आने के बाद से कोई पसंद-नापंसद की बात नहीं करता, लेकिन मुझे यहां स्वीकार करना होगा कि मेरे दो पसंदीदा मंत्री हैं, एक विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और दूसरे मेरे प्रिय मित्र पीयूष गोयल। आपके पास ऐसा व्यक्ति है जो भारत-अमेरिका संबंधों की परवाह करता है।’’
अमेरिकी राजदूत ने आगे कहा कि गोयल और उनकी पत्नी भी उनके अच्छे मित्र बन गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘आप में से कई लोगों ने अमेरिकी दूतावास से जुड़े विभिन्न मामलों के बारे में मुझसे पूछा है। अगर आप मुझसे संपर्क नहीं कर पाते हैं तो पीयूष से संपर्क करें और वह इसकी व्यवस्था कर देंगे।’’
बाद में गोयल ने गोर की इन हल्की-फुल्की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा कि वह उन्हें अपना मित्र कहे जाने से ‘‘चिंतित’’ हैं क्योंकि यदि राजदूत ने ऐसी टिप्पणी और की तो उनके कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग अमेरिकी वीजा के लिए ‘अपाइंटमेंट’ मांगने पहुंच सकते हैं।
गोयल ने कहा, ‘‘लेकिन मैं जानता हूं कि वे (अमेरिकी दूतावास) कतार भंग नहीं करते, इसलिए कृपया ऐसा प्रयास न करें।’’
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश