बेंगलुरु, 20 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को 36 रेलवे स्टेशनों पर मौजूद खाद्य प्रतिष्ठानों में किए गए विशेष निरीक्षण में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में गैर-अनुमन्य रंगों के संदिग्ध इस्तेमाल, उपयोग अवधि को पार कर चुके डेयरी उत्पाद तथा खाद्य सामग्री का इस्तेमाल किये जाने तथा सब्जियों में फंगस पाए जाने का मामला सामने आया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, यह निरीक्षण बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन (केएसआर), यशवंतपुर, कृष्णराजपुरम, येलहंका, कोलार, मैसूरु, हावेरी, उडुपी, कोप्पल, गदग, दावणगेरे, बागलकोट, कारवार, यादगिरी, बिरूर और कडूर जंक्शन, बल्लारी, होस्पेट, हुब्बल्ली और मंगलुरु सहित 36 रेलवे स्टेशनों पर 112 खाद्य प्रतिष्ठानों में किया गया।
टीमों ने रेलवे पैंट्री, रेलवे होटल और ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन का निरीक्षण किया।
बयान में कहा गया कि मंगलुरु और केरल तथा हुब्बल्ली और बेंगलुरु के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। हालांकि, खाद्य उत्पादों में गैर-अनुमन्य रंगों के ‘संदिग्ध इस्तेमाल’ का मामला सामने आया।
इसमें कहा गया कि जलेबी में पीले रंग और खोवा पेड़ा में गुलाबी रंग का इस्तेमाल पाया गया। हावेरी जिले के एक रेलवे स्टेशन पर उपयोग की अवधि को पार चुके दही और दूध के पैकेट पाए गए।
बयान के अनुसार, केआर पुरम रेलवे स्टेशन के एक होटल में अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं।
मैसूरु रेलवे स्टेशन पर इडली तैयार करने में प्लास्टिक सामग्री का इस्तेमाल पाया गया और रसोई में उपयोग की मियाद पूरी कर चुकी खाद्य सामग्री मिली।
टीम ने प्याज और सब्जियों पर फंगस भी पाया, जबकि चटनी को ऐसे प्लास्टिक के डिब्बों में रखा गया था जो खाद्य सामग्री के भंडारण के लिए उपयुक्त नहीं थे।
बयान में कहा गया, ‘देखे गए उल्लंघनों के संबंध में रेलवे अधिकारियों और संबंधित नामित अधिकारियों को सूचित किया जाएगा तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा आवश्यकताओं का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।’
भाषा
राखी संतोष
संतोष