कोरापुट (ओडिशा), 26 सितंबर (भाषा) ओडिशा पुलिस ने कोरापुट में एक मालवाहक वाहन से 128.3 किलोग्राम गांजा जब्त कर इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह गांजा आंध्र प्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस के एक दल ने एक गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को सुनकी थाना क्षेत्र के सुनकी घाटी में तांगिनी छक के पास एक वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली।
कोरापुट के पुलिस अधीक्षक रोहित वर्मा ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन के भीतर एक गुप्त खांचा मिला, जिसमें रखे कई पैकेट से गांजा बरामद किया गया।
उन्होंने कहा कि सुनकी घाटी मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जांच और निगरानी बढ़ाए जाने के तहत यह कार्रवाई की गई।
वर्मा ने कहा, ‘‘हमारे दल ने मालवाहक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन में एक गुप्त खांचा मिला, जिससे करीब 128.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।’’
जब्त गांजे की कीमत का अभी पता नहीं लगाया जा सका है।
अधिकारी ने बताया कि वाहन के चालक और सहायक को इस सिलसिले में हिरासत में लिया गया है।
गांजा जब्त करने और इसके बाद की कार्रवाई पोट्टांगी के तहसीलदार-सह-कार्यकारी मजिस्ट्रेट देवेंद्र धरुआ की मौजूदगी में की गई।
अधिकारी ने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि गांजे की खेप कहां से आई थी, उसे कहां पहुंचाया जाना था और इसकी तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
भाषा सिम्मी दिलीप
दिलीप