हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 150 से अधिक लोगों की मौत

Ads

हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 150 से अधिक लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 02:55 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 02:55 PM IST

शिमला, 30 सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत यानी 30 जून से 29 सितंबर तक बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 152 लोगों की मौत हो गई, जबकि राज्य को करीब 3,220 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, हिमालयी राज्य में एक जून से 29 सितंबर तक मानसून के दौरान 652.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 733.4 मिमी बारिश होती है। इस तरह राज्य में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण 19 लोगों की मौत हुई। वहीं, बादल फटने की घटनाओं में कोई मौत दर्ज नहीं की गई।

अधिकारियों ने बताया कि मानसून के मौसम में पहाड़ों पर फिसलन और अन्य हादसों में ऊंचाई से गिरने के कारण सबसे ज्यादा 62 लोगों की जान गई। इसके अलावा, 17 लोगों की डूबने से, 16 लोगों की सांप के काटने से, 10 लोगों की करंट लगने से और 28 लोगों की अन्य कारणों से मौत हुई।

मौसम की ताजा स्थिति के बारे में अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। इस दौरान रामपुर में 16.8 मिमी और खदराला में 7.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बुधवार सुबह तक राज्य में यातायात के लिए 46 सड़कें बंद थीं और 127 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप थे।

सड़कों के बंद होने से मंडी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 28 सड़कें बंद थीं। इसके अलावा कांगड़ा में छह, कुल्लू में पांच, लाहौल एवं स्पीति, सिरमौर और ऊना में दो-दो तथा शिमला जिले में एक सड़क बंद थी।

भाषा सुमित रंजन

रंजन