देश में कोविड-19 टीके की 175.33 करोड़ से अधिक खुराक दी गई
देश में कोविड-19 टीके की 175.33 करोड़ से अधिक खुराक दी गई
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) देश में शनिवार शाम तक कोरोना वायरस रोधी टीके की कुल 175.33 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शाम सात बजे तक 27 लाख (27,47,926) से अधिक लोगों को टीका लगाया गया।
मंत्रालय के मुताबिक, 1.89 करोड़ (1,89,07,829) से अधिक एहतियाती खुराक स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कर्मियों और 60 वर्ष और इससे अधिक आयु के लोगों को दी जा चुकी है। स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को पहले चरण में टीका लगाने के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी,2021 को शुरू किया गया था। अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का टीकाकरण पिछले साल दो फरवरी से शुरू हुआ था।
कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च 2021 से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए शुरू हुआ था। पिछले साल एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ। इसके बाद सरकार ने 1 मई 2021 से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति दी।
पंद्रह से 18 वर्ष के किशोरों के लिए इस साल तीन जनवरी से टीकाकरण की शुरुआत हुई।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


