सीआरपीएफ के 250 से अधिक अधिकारियों को 15 साल बाद पहली मिली पदोन्नति

सीआरपीएफ के 250 से अधिक अधिकारियों को 15 साल बाद पहली मिली पदोन्नति

सीआरपीएफ के 250 से अधिक अधिकारियों को 15 साल बाद पहली मिली पदोन्नति
Modified Date: June 28, 2026 / 04:25 pm IST
Published Date: June 28, 2026 4:25 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 250 से अधिक अधिकारियों को आखिरकार 14-15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली पदोन्नति मिली। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठता और रिक्त पदों से जुड़े लंबित सेवा मामलों की अदालतों में सुनवाई और उनके सशर्त समाधान के बाद यह बहुप्रतीक्षित पदोन्नति संभव हो सकी।

सीआरपीएफ मुख्यालय ने 26 जून को सहायक कमांडेंट (एसी) रैंक के 263 अधिकारियों को पदोन्नत कर उप कमांडेंट (डीसी) बनाया।

सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है, क्योंकि इससे उन अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा, जिन्हें अपनी पहली पदोन्नति के लिए 14-15 वर्षों तक इंतजार करना पड़ा जबकि यह सामान्य तौर पर पांच साल के भीतर मिल जानी चाहिए थी।’’

इस संदर्भ में 16 अप्रैल को जारी उच्चतम न्यायालय के एक आदेश ने स्थिति को स्पष्ट कर दिया था।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद सीआरपीएफ मुख्यालय ने गृह मंत्रालय के साथ इस मामले को आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप लंबित यह आदेश जारी किया गया।

उन्होंने बताया कि नव-पदोन्नत अधिकारी फिलहाल अपनी मौजूदा तैनाती पर ही काम करते रहेंगे, क्योंकि प्रशासनिक बाधाओं के कारण उनके तबादला एवं तैनाती आदेश तत्काल जारी नहीं किए जा सके।

सीआरपीएफ ने ‘एक्स’ पर अपनी एक पोस्ट में इस घटनाक्रम को ‘‘एक महत्वपूर्ण उपलब्धि’’ बताया।

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में