दाहोद, 17 मई (भाषा) गुजरात के दाहोद में वाहनों की नियमित जांच के दौरान एक कार से 2.56 करोड़ रुपये से अधिक बेहिसाब नकदी जब्त की गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीएसपी) एके कलास्वा ने बताया कि शनिवार को धनपुर चौकी के पास कार को रोका गया।
उन्होंने कहा, ‘‘गाड़ी में एक पार्सल मिला, जिसमें 2.56 करोड़ रुपये की नकदी थी। यह पैसा दाहोद की एक ‘अंगड़िया’ (पारंपरिक कूरियर) कंपनी के माध्यम से वडोदरा ले जाया जा रहा था। गाड़ी का चालक राजू निनामा नकदी के स्रोत और परिवहन के संबंध में कोई दस्तावेज या सबूत पेश नहीं कर सका।’’
कलास्वा ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत लिमखेड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है, जबकि आयकर विभाग को नकदी के स्रोत और संभावित वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने के लिए सूचित किया गया है।
भाषा यासिर पारुल
पारुल