ओवैसी ने तृणमूल सरकार पर मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद के साथ ‘सौतेले’ व्यवहार का लगाया आरोप

Ads

ओवैसी ने तृणमूल सरकार पर मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद के साथ 'सौतेले' व्यवहार का लगाया आरोप

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 08:52 PM IST

मुर्शिदाबाद, 13 अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर मुर्शिदाबाद जिले के मुसलमानों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।

ओवैसी ने दावा किया कि ममता बनर्जी सरकार विकास के सभी कार्यों को राज्य की राजधानी कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों तक ही सीमित रख रही है।

यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम नेता ने कहा कि हल्दिया और खड़गपुर जैसी जगहों पर उद्योग और अन्य प्रतिष्ठान विकसित हुए हैं, लेकिन मुर्शिदाबाद में विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) क्यों स्थापित नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकते थे।

ओवैसी ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में सारा विकास कोलकाता महानगर क्षेत्र या उसके पास की जगहों पर ही होता है।’

उन्होंने बनर्जी पर मुस्लिम बहुल इस जिले में वोट हासिल करने के लिए “भाजपा का डर” पैदा करने का भी आरोप लगाया।

ओवैसी ने वादा किया कि अगर रघुनाथगंज विधानसभा क्षेत्र से एआईएमआईएम उम्मीदवार इमरान सोलंकी विजयी होते हैं, तो वह मुर्शिदाबाद में उद्योगों की मांग को लेकर कोलकाता में ‘चक्का जाम’ करेंगे।

भाषा सुमित माधव

माधव