हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार

हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार

हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार
Modified Date: August 24, 2026 / 03:43 pm IST
Published Date: August 24, 2026 3:43 pm IST

हैदराबाद, 24 अगस्त (भाषा) शहर में पिछले सप्ताह निर्माणाधीन इमारत के ढहने से दो श्रमिकों की मौत के मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सात मंजिला इमारत के मालिक को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया।

गाचीबोवली के अंजय्या नगर में 22 अगस्त को निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। हादसे में मध्य प्रदेश के श्रमिकों की मौत हो गई थी और दो अन्य लोग घायल हुए थे।

इमारत का मलबा आसपास की इमारतों पर जा गिरा, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा और दो लोग घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस घटना के संबंध में रायदुर्गम थाने में भूखंड / इमारत के मालिक और निर्माण ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, करीब 50-60 वर्ग गज के भूखंड पर सात मंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा था, जिसमें एक पेंटहाउस भी शामिल था।

अधिकारियों ने पहले बताया था कि ध्वस्त इमारत और आसपास की कुछ अन्य संरचनाएं कथित तौर पर एक नाले के निकट तथा अनिवार्य जगह छोड़े बिना बनाई गई थीं। निर्माण में अन्य नियमों के कथित उल्लंघन भी सामने आए हैं।

हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी (हाइड्रा) और साइबराबाद नगर निगम ने रविवार को निर्माणाधीन इमारत के ढहने से क्षतिग्रस्त हुई उससे सटी एक बहुमंजिला इमारत को गिराने का काम शुरू किया।

भाषा मनीषा दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में