सिलीगुड़ी के अस्पताल में ऑक्सीजन रिसाव से दहशत

सिलीगुड़ी के अस्पताल में ऑक्सीजन रिसाव से दहशत

सिलीगुड़ी के अस्पताल में ऑक्सीजन रिसाव से दहशत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:04 pm IST
Published Date: May 21, 2021 9:22 am IST

सिलीगुड़ी, 21 मई (भाषा) सिलीगुड़ी स्थित उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शुक्रवार को सुबह ऑक्सीजन रिसाव होने से कोविड-19 रोगियों और उनके परिवारों के बीच दहशत पैदा हो गयी।

अस्पताल के अधीक्षक डॉ संजय मलिक ने बताया कि घटना सुबह करीब 9.15 बजे की है जब कोविड ब्लॉक में गहन चिकित्सा इकाई (सीसीयू) को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने वाले एक पाइप में रिसाव देखा गया।

इससे कमरे में ऑक्सीजन भर गयी और रोगियों के बीच दहशत फैल गयी जिन्हें लगा कि आग लग गयी है।

इससे कोविड रोगियों ने घबराहट में भागना शुरू कर दिया और अफरा-तफरी मच गयी। रोगियों के परिजन समेत अनेक लोग ब्लॉक के बाहर जमा हो गये।

कुछ ही समय बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया और दो दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।

अधिकारियों के मुताबिक, कुछ देर के लिए ऑक्सीजन आपूर्ति रोककर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।

मलिक के अनुसार, घटना के समय सीसीयू में सात रोगी थी। उन्हें सुरक्षित निकालकर दूसरे ब्लॉक में पहुंचाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, घटना में कोई घायल नहीं हुआ और किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। बाद में रिसाव को ठीक करके स्थिति सामान्य कर ली गयी।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में