छात्रों की सुरक्षा और छात्रावास का विस्तार: डूसू चुनाव जीते तो यह होंगी अभाविप के उम्मीदवार की प्राथमिकताएं
छात्रों की सुरक्षा और छात्रावास का विस्तार: डूसू चुनाव जीते तो यह होंगी अभाविप के उम्मीदवार की प्राथमिकताएं
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के उम्मीदवार यश डबास ने कहा कि अगर वे निर्वाचित होते है, तो छात्रों की सुरक्षा और छात्रावास सुविधाओं का विस्तार उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
डबास ने दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके आसपास स्थित पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों तथा छात्रावासों का व्यापक और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की, ताकि छात्रों को असुरक्षित परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि छह सितंबर को सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत के ढहने और उस घटना में सात छात्रों की मौत ने छात्र आवासों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा की हैं।
उन्होंने कहा कि किराये के मकानों और छात्रावासों में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा के लिए मजबूत व्यवस्था की जरूरत है।
अभाविप नेता ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रत्येक छात्र को छात्रावास सुविधा मिलनी चाहिए और पूरे विश्वविद्यालय में हॉस्टल ढांचे का विस्तार किया जाना चाहिए।
उन्होंने एक बयान में कहा, “सुरक्षित और किफायती आवास छात्रों के लिए सुरक्षित और सहयोगी माहौल सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।”
दिल्ली के कंझावला निवासी डबास ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में डीयू के बौद्ध अध्ययन विभाग में पढ़ रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया तथा सर्बिया में इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।
बयान के अनुसार, उनका चयन सीबीएसई नेशनल्स, एसजीएफआई नेशनल्स, खेलो इंडिया और 2023 के अखिल भारतीय विश्वविद्यालय खेलों के लिए भी हुआ था। उन्होंने नॉर्थ इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है।
डूसू चुनाव में अभाविप ने उपाध्यक्ष पद के लिए इशु मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छवाड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्य राज सिंह को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव 18 सितंबर को होना है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


