पलक्कड़ (केरल), दो अगस्त (भाषा) केरल में पलक्कड़ के पास स्थित पलक्कुझी जलप्रपात में रविवार को तेज बहाव में बहे तमिलनाडु के दो पर्यटकों में से एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि उसके साथ आई महिला पर्यटक की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृत महिला की पहचान कोयंबटूर निवासी भानुप्रिया के रूप में हुई है।
वहीं, अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मियों ने भरत नाम के युवक को बचा लिया। दोनों कोयंबटूर से आए पांच सदस्यीय पर्यटकों के समूह का हिस्सा थे।
वडक्कनचेरी अग्निशमन केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दोपहर में सूचना मिली कि किझक्केनचेरी स्थित जलप्रपात में एक युवक और महिला तेज धारा में बह गए हैं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार, युवक चट्टानों पर गिर गया था और उसे मामूली चोटें आई थीं। उसे रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उन्होंने बताया कि निचले इलाके में चट्टानी हिस्से पर गिरी भानुप्रिया तक जब लगभग दो घंटे के प्रयास के बाद बचाव दल पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अधिकारियों ने बताया कि महिला चट्टानों के बीच फंसी हुई है, इसलिए आलथुर और पलक्कड़ अग्निशमन एवं बचाव सेवा केंद्रों से अतिरिक्त कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने पलक्कड़ के पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा रखा था।
प्रतिबंधों से अनजान तमिलनाडु से आए पांच लोगों का यह समूह पलक्कुझी जलप्रपात क्षेत्र में पहुंच गया था।
अधिकारियों ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पर्यटक इस प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे दाखिल हुए।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप