पलानीस्वामी ने तमिलनाडु पीएससी परीक्षा स्थगित करने को लेकर द्रमुक सरकार की आलोचना की

पलानीस्वामी ने तमिलनाडु पीएससी परीक्षा स्थगित करने को लेकर द्रमुक सरकार की आलोचना की

पलानीस्वामी ने तमिलनाडु पीएससी परीक्षा स्थगित करने को लेकर द्रमुक सरकार की आलोचना की
Modified Date: February 8, 2026 / 04:49 pm IST
Published Date: February 8, 2026 4:49 pm IST

चेन्नई, आठ फरवरी (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता ए.के. पलानीस्वामी ने रविवार को टीएनपीएससी की मुख्य परीक्षाओं के स्थगन के बाद द्रमुक सरकार पर तीखा हमला बोला और इसे ‘‘प्रशासनिक अक्षमता’’ बताया।

राज्य भर में रविवार को होने वाली परीक्षाएं हॉल टिकटों में कथित अनियमितताओं और परीक्षा केंद्रों के आवंटन में भ्रम की स्थिति के कारण अंतिम समय में स्थगित कर दी गईं।

राज्य के लोक सेवा आयोग के इतिहास में इस घटना को ‘‘अभूतपूर्व’’ बताते हुए, अन्नाद्रमुक के महासचिव पलानीस्वामी ने एक बयान में कहा कि परीक्षा के दिन ही इसे स्थगित किया जाना मौजूदा शासन के तहत ‘‘प्रशासनिक पतन’’ को उजागर करता है।

पलानीस्वामी ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के तमिलनाडु को ‘सुपरस्टार’ राज्य में बदलने के सरकार के दावों पर सवाल उठाया।

उन्होंने पूछा, ‘‘आपकी (स्टालिन) सरकार एक भी प्रतियोगी परीक्षा ठीक से आयोजित नहीं करा सकती। इस सरकार की अक्षमता का इससे बड़ा सबूत और क्या चाहिए?’’

पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि द्रमुक 2021 के चुनाव में किए गए 5.5 लाख नौकरियां देने के वादे को पूरा करने में विफल रही है।

तमिलनाडु लोक सेवा आयोग (टीएनपीएससी) के परीक्षा नियंत्रक ए. एस. सुंदरम ने पत्रकारों को बताया कि प्रेसिडेंसी और नंदनम कॉलेजों सहित चेन्नई के कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हॉलों के गलत आवंटन के कारण भ्रम और अव्यवस्था फैली।

सुंदरम ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक बड़ी गलती है और असुविधा के लिए हमें खेद है। उम्मीदवारों को इस अफरा-तफरी के कारण परेशानी न हो, इसलिए हमने आज के सत्र राज्य भर में रद्द कर दिए हैं।’’

उन्होंने कहा कि नयी तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी और नए हॉल टिकट 15 दिन पहले जारी किए जाएंगे।

सुदंरम ने बताया कि 22 फरवरी को होने वाली परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में