पटनायक ने महिलाओं के खिलाफ अपराध में ‘बढ़ोतरी’ पर ओडिशा की भाजपा सरकार की आलोचना की

पटनायक ने महिलाओं के खिलाफ अपराध में ‘बढ़ोतरी’ पर ओडिशा की भाजपा सरकार की आलोचना की

पटनायक ने महिलाओं के खिलाफ अपराध में ‘बढ़ोतरी’ पर ओडिशा की भाजपा सरकार की आलोचना की
Modified Date: March 8, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: March 8, 2026 9:34 pm IST

भुवनेश्वर, आठ मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने महिलाओं के खिलाफ ‘बढ़ते’ अपराध को लेकर रविवार को ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करते हुए इसे ‘नेतृत्व की पूर्ण विफलता’ करार दिया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पार्टी की महिला नेताओं और सदस्यों को संबोधित करते हुए पटनायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की विचारधारा का पालन करने वाली बीजद ने राज्य में सत्ता में रहते हुए महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि भाजपा सरकार के तहत महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं और उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है… यह सरकार के स्तर पर नेतृत्व की पूर्ण विफलता है।’’

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक विकास में महिलाओं की शक्ति को पहचानती है और महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और ‘सच्चे सशक्तीकरण’ के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि बीजू पटनायक भारत में महिला सशक्तीकरण के पथ-प्रदर्शक थे।

पटनायक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने जोर देकर कहा कि मोहन चरण माझी सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बीजद प्रमुख पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वह अपने 24 साल के शासनकाल में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहे, यही कारण है कि सरकार बदल गई। अगर हम बीजद सरकार के कार्यकाल में दर्ज महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों की गिनती शुरू करें, तो यह बहुत लंबी सूची होगी।’’

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में