पटनायक ने ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी को पत्र लिखकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की

Ads

पटनायक ने ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी को पत्र लिखकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 08:58 PM IST

भुवनेश्वर, 20 सितंबर (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने रविवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का आग्रह किया, ताकि खदान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 को निरस्त करने के लिए प्रस्ताव पारित किया जा सके।

पटनायक ने इस मुद्दे पर 14 अगस्त को भी माझी को पत्र लिखा था। बीजद प्रमुख ने कहा कि यह संशोधन खनिज संसाधनों पर राज्य के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष सत्र बुलाकर इसके खिलाफ सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया।

पटनायक ने अपने हालिया पत्र में कहा, ‘‘सदन के नेता के रूप में यह आपकी नैतिक जिम्मेदारी है कि आप विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएं और एमएमडीआर संशोधन को निरस्त करने की मांग वाला सर्वसम्मत प्रस्ताव पेश करें। इससे उच्चतम न्यायालय द्वारा बरकरार रखे गए राज्य के संवैधानिक अधिकारों की पुष्टि होगी और ओडिशा के हितों की रक्षा में मदद मिलेगी।’’

उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य के अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर बीजद राज्य सरकार का समर्थन करेगा।

पटनायक ने कहा, ‘‘आइए हम अपनी मातृभूमि ओडिशा के हित में यह प्रस्ताव पारित करने के लिए साथ आएं और केंद्र सरकार से राज्य के संवैधानिक अधिकारों को वापस लेने के अपने फैसले को पलटने की मांग करें। ओडिशा के लोग इस ऐतिहासिक क्षण को याद रखेंगे।’’

एमएमडीआर संशोधन विधेयक, 2026 को संसद ने अगस्त में पारित किया था और उसी महीने बाद में इसे राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई थी। संशोधित कानून केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों के अधीन राज्य सरकारों द्वारा खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर, उपकर या अन्य शुल्क लगाने पर प्रतिबंध लगाता है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप