प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में लौटी शांति, तेज हुआ विकास: जितेंद्र सिंह
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में लौटी शांति, तेज हुआ विकास: जितेंद्र सिंह
श्रीनगर, 23 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केंद्र में सत्ता संभालने के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों की सोच में व्यापक बदलाव आया है।
सिंह ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठक से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में लोगों की सोच में पूर्वोत्तर की तरह ही पूरी तरह बदलाव आया है। यह बदलाव 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद हुआ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की शुरुआत के बाद से यहां का माहौल बदल गया है। शांति कायम है और सामान्य स्थिति लौट रही है। विकास कार्य भी तेजी से हो रहे हैं।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले तीन दशकों में हिंसा के कारण कई पीढ़ियों को खोने के बाद अब जम्मू-कश्मीर के युवाओं में आगे बढ़ने की आकांक्षा पैदा हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में यूपीएससी और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में उनका प्रदर्शन इसका प्रमाण है।’’
सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हिंसा के दौरान भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई, लेकिन वह भाग्यशाली हैं कि जीवित बचे और अब जम्मू-कश्मीर के लोगों की सोच में आया बदलाव देख पा रहे हैं।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


