डिजिटल घोटालों, ऑनलाइन ऋण ऐप से सावधान रहें लोग: केरल के मंत्री शिवनकुट्टी

Ads

डिजिटल घोटालों, ऑनलाइन ऋण ऐप से सावधान रहें लोग: केरल के मंत्री शिवनकुट्टी

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 10:35 AM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 10:35 AM IST

तिरुवनंतपुरम, दो मई (भाषा) केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने डिजिटल घोटालों और ऑनलाइन ऋण प्रदान करने वाले ऐप के खतरों को लेकर लोगों को आगाह करते हुए शनिवार को कहा कि ये सामाजिक तंत्र के लिए खतरा हैं।

शिवनकुट्टी ने हाल में रिलीज मलयालम फिल्म ‘पैट्रियट’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस फिल्म में साइबर अपराधों के खतरों को स्पष्ट रूप से बताया गया है। इस फिल्म में ममूटी और मोहनलाल मुख्य भूमिका में हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी ने दुनिया को हमारी उंगलियों पर ला दिया है तो ऐसे में इस प्रकार की फिल्में प्रौद्योगिकी के छिपे हुए गंभीर खतरों के बारे में स्पष्ट समझ प्रदान करती हैं।’’

मंत्री ने शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म देखने के बाद ‘फेसबुक’ पोस्ट में कहा, ‘‘गरीबों की बेबसी का फायदा उठाने वाले डिजिटल माफिया हमारे सामाजिक तंत्र के लिए खतरा हैं। यह फिल्म परिवारों की शांति भंग करने वाले इस प्रकार के आपराधिक नेटवर्क को बेनकाब करने में सफल रही है।’’

उन्होंने कहा कि यह फिल्म साइबर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देती है।

उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘युवाओं और छात्रों को इसे विशेष रूप से देखना चाहिए। इस गंभीर मुद्दे को व्यापक स्तर पर और बिना किसी समझौते के प्रस्तुत करने के लिए इस फिल्म की टीम को मेरी हार्दिक बधाई।’’

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी