नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के प्रकोष्ठ ‘रचनात्मक कांग्रेस’ के अध्यक्ष संदीप दीक्षित ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में शिक्षा पर सुनियोजित हमला हो रहा है और इसी कड़ी में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की स्वायत्तता को भी निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने डीयू में कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अनिश्चितकालीन सत्याग्रह के तहत शुरू हुई भूख हड़ताल के पहले दिन आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया।
‘रचनात्मक कांग्रेस’ की ओर से जारी बयान के अनुसार, आंदोलनरत छात्रों को संबोधित करते हुए दीक्षित ने कहा, ‘‘दिल्ली विश्वविद्यालय की स्वायत्तता पर यह हमला कोई अलग-थलग घटना नहीं है। यह शिक्षा पर सुनियोजित हमले का हिस्सा है। नीट से लेकर जंतर-मंतर और अब डीयू तक एक जैसा चलन दिखाई देता है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।’’
पूर्व सांसद ने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।
एनएसयूआई का आरोप है कि जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी संस्थागत निष्पक्षता नहीं बरती। इसको लेकर वह अपना विरोध दर्ज करा रही है।
भाषा हक हक नरेश
नरेश