नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर में 17 वर्षीय लड़के की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
उन्होंने बताया कि कर्दमपुरी निवासी पीड़ित को मंगलवार को तीन हमलावरों ने चाकू घोंप दिया था और जीटीबी अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर ज्योति नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस ने कहा कि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए, जबकि जांचकर्ताओं ने क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और संदिग्धों की पहचान करने के लिए स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान, दो आरोपियों अरमान (20) और अल फैज (19) को अपराध शाखा ने पकड़ लिया।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली और बताया कि पीड़ित के साथ उनकी पुरानी दुश्मनी थी।
डीसीपी ने बताया कि तीसरा आरोपी अमन खान (23) फरार था, लेकिन बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि तीनों आरोपियों में से किसी का भी पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
भाषा नोमान नोमान प्रशांत
प्रशांत