लोहिया कॉर्प का शेयर पहले दिन के कारोबार में 16 प्रतिशत से अधिक चढ़ा

Ads

लोहिया कॉर्प का शेयर पहले दिन के कारोबार में 16 प्रतिशत से अधिक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 06:23 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) औद्योगिक मशीनरी विनिर्माता लोहिया कॉर्प लिमिटेड का शेयर बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने 425 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 16 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 460 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 8.23 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 19.64 प्रतिशत बढ़कर 508.50 रुपये पर पहुंच गया। अंतत: यह 16.38 प्रतिशत चढ़कर 494.65 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर शेयर ने 461 रुपये पर शुरुआत की, जो 8.47 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। कारोबार के अंत में यह 16.37 प्रतिशत बढ़त के साथ 494.60 रुपये रहा।

कंपनी का बाजार पूंजीकरण 5,225.98 करोड़ रुपये रहा।

कारोबार की मात्रा के लिहाज से दिनभर में बीएसई पर कंपनी के 15.38 लाख शेयरों और एनएसई पर 207.59 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।

लोहिया कॉर्प लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 7.25 गुना अभिदान मिला था।

इस 1,102 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 404-425 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

यह आईपीओ पूरी तरह 2.59 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था। इसलिए कंपनी को इस निर्गम से कोई राशि प्राप्त नहीं होगी।

भाषा यासिर अजय

अजय