प्रधानमंत्री ने रेल, सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की

प्रधानमंत्री ने रेल, सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की

प्रधानमंत्री ने रेल, सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की
Modified Date: March 10, 2026 / 10:14 pm IST
Published Date: March 10, 2026 10:14 pm IST

(फाइल फोटो सहित)

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने संबंधी केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसलों का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि इससे माल ढुलाई और परिवहन व्यवस्था व्यवस्था बेहतर होगी तथा खासकर आदिवासी क्षेत्रों में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी ने ग्रामीण पेयजल आपूर्ति परियोजना के लिए 8.7 लाख करोड़ रुपये के बढ़े हुए खर्च के साथ जल जीवन मिशन को दिसंबर 2028 तक बढ़ाने की मंत्रिमंडल की मंजूरी की भी सराहना की।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्वी भारत में रेल कनेक्टिविटी और क्षमता को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंत्रिमंडल ने पश्चिम बंगाल और झारखंड के पांच जिलों को कवर करने वाली मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से दक्षता बढ़ेगी, भीड़भाड़ कम होगी और दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही माल परिवहन में सुधार होगा, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और टिकाऊ, कम-कार्बन परिवहन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे के माध्यम से कनेक्टिविटी और विकास को बढ़ावा देने जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘मंत्रिमंडल ने एनएच-752डी के बदनावर-पेटलावद-थांदला-टिमरवानी खंड पर 4-लेन कॉरिडोर के विकास को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में आर्थिक विकास का समर्थन करते हुए यात्रा के समय को कम करेगी और माल ढुलाई और परिवहन व्यवस्था में सुधार करेगी।’’

मोदी ने कहा कि जल जीवन मिशन पर मंत्रिमंडल का फैसला पूरे भारत में ग्रामीण परिवारों के लिए टिकाऊ और विश्वसनीय नल जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा, ‘इसका ध्यान केवल बुनियादी ढांचे के निर्माण से हटकर मजबूत स्थानीय शासन और डिजिटल निगरानी द्वारा समर्थित नागरिक-केंद्रित सेवा मुहैया कराने पर केंद्रित है। इस कदम से जल सुरक्षा मजबूत होगी, स्वास्थ्य परिणामों में सुधार होगा और ग्रामीण समुदायों, विशेषकर हमारी नारी शक्ति को सशक्त बनाया जाएगा।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के साथ तमिलनाडु के विकास और कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इससे विशेष रूप से दक्षिणी तमिलनाडु में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। शाश्वत संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध मदुरै शहर अब वैश्विक स्तर पर अपने संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है।’’

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में