नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के भिवंडी में एक इमारत ढहने से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
ठाणे जिले के भिवंडी में बृहस्पतिवार रात चार मंजिला इमारत ढहने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘महाराष्ट्र के ठाणे में एक इमारत ढहने से लोगों की मौत की खबर से बेहद दुख हुआ है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
भाषा गोला रंजन
रंजन