प्रधानमंत्री मोदी ने ‘आशीर्वाद का दीया’ गीत वाले विशेष वीडियो के लिए आभार व्यक्त किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘आशीर्वाद का दीया’ गीत वाले विशेष वीडियो के लिए आभार व्यक्त किया

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 01:12 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 01:12 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘आशीर्वाद का दीया’ गीत में नागरिकों के साथ उनके विभिन्न क्षणों को दिखाते एक वीडियो के निर्माताओं के प्रति बृहस्पतिवार को आभार व्यक्त किया।

इस वीडियो में मुफ्त आवास, स्वास्थ्य सेवा, बिजली और रसोई गैस सहित मोदी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रतिक्रियाएं शामिल हैं।

वीडियो के एक दृश्य में एक महिला दीया प्रज्वलित करती दिख रही है। जब उसकी बेटी पूछती है कि वह ऐसा क्यों कर रही हैं, तो महिला कहती है कि वह उस व्यक्ति को आशीर्वाद देने के लिए ऐसा कर रही हैं जिसने उनके जीवन से अंधेरा दूर किया और उन्हें रोशनी दी।

वीडियो में बुनियादी ढांचे, कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई कई विकास परियोजनाओं को भी रेखांकित किया गया है।

गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के हो गए।

प्रधानमंत्री ने वीडियो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ भावनाएं बहुत खास होती हैं और ‘‘आशीर्वाद का दीया’’ स्नेह की ऐसी ही एक अभिव्यक्ति है जिसने उन्हें गहराई से छुआ है।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर आशीर्वाद हमारी प्यारी मातृभूमि की और भी अधिक निष्ठा के साथ सेवा करने के मेरे संकल्प को मजबूत करता है।’’

स्नेहा शंकर द्वारा गाए गीत ‘आशीर्वाद का दीया’ को अमन पंत ने संगीतबद्ध किया है।

पंत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘हम नरेन्द्र मोदी जी की देश के प्रति अनवरत सेवा को देखते हुए बड़े हुए हैं। आज, हम ‘आशीर्वाद का दीया’, निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनकी 25 वर्षों की सेवा को समर्पित करते हैं। प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई। इस 17 सितंबर को, हम आपके लिए एक दीया जलाते हैं।’’

मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बृहस्पतिवार को भाजपा द्वारा देश भर में कई पहलों और सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

पार्टी इस अवसर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है जबकि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के तहत, पूरे भारत में 500 से अधिक प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत मोदी के लंबे जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता के लिए उनके जन्मदिन पर अपने घरों में एक ‘दीया’ जलाने की अपील की है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा