भोपाल, 17 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि देश के मुखिया के रूप में साढ़े बारह वर्षों की यात्रा में उन्होंने भारत की प्रतिभा, सामर्थ्य और शक्ति को हर क्षेत्र में विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया है।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जनसेवा की अविराम साधना से राष्ट्र के नवनिर्माण को नई दिशा देने वाले, जन-आकांक्षाओं के संकल्प को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’
गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर, 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को 76 साल के हो गए। उन्होंने सात अक्टूबर को निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे । साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने 2001 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
यादव ने कहा, ‘जीवाईएएन (ज्ञान) को राष्ट्रशक्ति का आधार बनाकर आपने भारत के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। ‘विकसित भारत’ का आपका स्वप्न आज करोड़ों देशवासियों का प्रण बन चुका है। बाबा सोमनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना है।’
प्रधानमंत्री मोदी अक्सर अपने भाषणों में ‘ज्ञान’ की चर्चा करते हैं। वह इसे गरीब (जी), युवा (वाई), अन्नदाता (ए) और नारी (एन) के रूप में परिभाषित करते हैं।
मुख्यमंत्री यादव ने मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज भारत जिस सामर्थ्य और गौरव के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें प्रधानमंत्री मोदी का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री के रूप में अपनी साढ़े बारह वर्षों की यात्रा में उन्होंने भारत की प्रतिभा, सामर्थ्य और शक्ति को हर क्षेत्र में विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया है। आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद और विश्वास से देख रही है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं भगवान महाकाल और भगवान विश्वकर्मा जी से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी कर्मठता और सृजनशीलता हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।’
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर देश-प्रदेश के हर घर में दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया गया है और इसी के तहत वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाषा ब्रजेन्द्र रंजन
रंजन