प्रधानमंत्री मोदी ने चैत्र नवरात्र के अवसर पर शुभकामनाएं दीं, सभी के लिए प्रार्थना की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने चैत्र नवरात्र के अवसर पर शुभकामनाएं दीं, सभी के लिए प्रार्थना की

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 12:49 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 12:49 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को चैत्र नवरात्र के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार न केवल भक्ति और आध्यात्मिकता का अवसर प्रदान करता है, बल्कि त्याग और आत्मसंयम की की भावना को भी मजबूत करता है।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के लोगों को लिखे पत्र में मोदी ने कहा कि नवरात्र मां शक्ति के नौ विविध रूपों की पूजा का पर्व है और यह उपनिषद के दर्शन ‘एकोहम बहुस्यम’ को दर्शाता है, जिसके चलते लोग ईश्वर के अनेक रूपों में आस्था रखते हैं।

उन्होंने कहा, “यही दृष्टिकोण भारत को ‘लोकतंत्र की जननी’ के रूप में स्थापित करता है और ‘विविधता में एकता’ को हमारा स्वाभाविक सिद्धांत बनाता है। नवरात्र के इन नौ दिनों के दौरान, मैं सभी नागरिकों के कल्याण के लिए मां आदि शक्ति से प्रार्थना करता हूं।”

उन्होंने कहा, ‘नए साल और चैत्र नवरात्र के पवित्र और शुभ अवसर पर, मैं आपको और आपके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का यह शुभ दिन प्राचीन और वैज्ञानिक भारतीय समय-निर्धारण प्रणाली में एक महत्वपूर्ण संदर्भ बिंदु है।

उन्होंने कहा कि आज से युगब्द वर्ष 5128 और विक्रम संवत वर्ष 2083 की शुरुआत हो रही है।

उन्होंने कहा ‘‘अगले नौ दिनों तक हम भी चैत्र नवरात्र मनाएंगे। यह पर्व न केवल समर्पण और आध्यात्मिकता का अवसर देता है बल्कि त्याग और आत्म नियंत्रण की भावना को भी मजबूत करता है।’’

मोदी ने कहा कि इस दौरान कई श्रद्धालु भोजन और सुविधाओं का त्याग कर संयंम एवं अनुशासन की राह पर चलते हैं।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा