pm shri school/ image source: IBC24
Siddharthnagar PM Shri School: सिद्धार्थनगर: सर्व शिक्षा अभियान, स्कूल चलो अभियान और निपुण भारत मिशन जैसी कई योजनाओं के जरिए सरकार लगातार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है।मकसद साफ है हर बच्चा शिक्षित हो,ताकि देश का भविष्य मजबूत बने।लेकिन उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है,जहां शिक्षा व्यवस्था की हकीकत कुछ और ही नजर आई।
दरअसल,विकास खण्ड भनवापुर के पीएम श्री भरवटिया बाजार विद्यालय के बच्चे शैक्षणिक भ्रमण पर कपिलवस्तु जा रहे थे।इसी दौरान वे जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे,जहां उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय दिखाया जा रहा था। इस दौरान मौजूद अध्यापक ने एक छात्रा को विद्यालय की तेज छात्रा बताया,लेकिन जब उससे सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए जैसे जिले के जिलाधिकारी का नाम या देश के राष्ट्रपति का नाम तो छात्रा जवाब नहीं दे पाई।
अब सवाल यह उठता है कि जब विद्यालय की सबसे तेज छात्रा की यह स्थिति है,तो बाकी बच्चों की शिक्षा का स्तर क्या होगा इस पूरे मामले पर जब बेसिक शिक्षा अधिकारी से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि शिक्षकों को पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के सामान्य ज्ञान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि मामला मीडिया के माध्यम से सामने आया है और संबंधित विद्यालय के शिक्षकों से इस संबंध में बात की जाएगी।
शैलेश कुमार,बेसिक शिक्षा अधिकारी,सिद्धार्थनगर सभी अध्यापकों को चाहिए कि वे बच्चों को विषय ज्ञान के साथ-साथ सामान्य ज्ञान की जानकारी भी दें।मामला संज्ञान में आया है, संबंधित विद्यालय के शिक्षकों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।