प्रधानमंत्री मोदी ने मानसून सत्र के सुचारू संचालन की जताई उम्मीद, सांसदों से सक्रिय भागीदारी की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने मानसून सत्र के सुचारू संचालन की जताई उम्मीद, सांसदों से सक्रिय भागीदारी की अपील
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को उम्मीद जताई कि संसद का मानसून सत्र और देश में मानसून दोनों ही उत्पादक साबित होंगे। उन्होंने सभी सांसदों से सदन की कार्यवाही में पूरे मनोयोग से भाग लेने की अपील की।
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से कुछ मिनट पहले संवाददाताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारत के सामने बड़ी चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं, क्योंकि देश ईंधन के आयात पर निर्भर है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के संकट के बावजूद भारत ने 7.7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है।
मोदी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि मानसून और संसद का मानसून सत्र दोनों ही उत्पादक होंगे। मैं सभी सांसदों से अपील करता हूं कि वे मानसून सत्र की कार्यवाही में पूरे मनोयोग से भाग लें।’’
प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की सुधार संबंधी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कदमों ने युवाओं में साहस पैदा किया है और उन्हें उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक माह में देश ने अंतरिक्ष सहित कई क्षेत्रों में सिद्धियां प्राप्त कीं और देश को गौरवान्वित करने वाली सिद्धियों का सिलसिला जारी है ।
हाइड्रोजन ट्रेन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के वैज्ञानिक देश के लिए काम कर रहे हैं और 28 साल के युवाओं ने अंतरिक्ष में झंडा गाड़ दिया है।
भाषा मनीषा सुरभि
सुरभि

Facebook


