प्रधानमंत्री मोदी ‘सच्चे राजनेता’ : अभिनेता मोहनलाल
प्रधानमंत्री मोदी ‘सच्चे राजनेता’ : अभिनेता मोहनलाल
कोच्चि, 12 मार्च (भाषा) मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें “सच्चा राजनेता” और “दूरदर्शी नेता” बताया है, जो कलाकारों और सृजनकर्ताओं का गहरा सम्मान करते हैं।
अभिनेता ने ये टिप्पणियां केंद्र सरकार के नागरिक सहभागिता मंच एमवाईजीओवीआईएनडीआईए पर प्रसारित एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कीं।
मोहनलाल ने कहा कि वह स्वयं को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से कई बार मुलाकात करने का अवसर मिला और हर बार उन्हें “एक सच्चे राजनेता तथा दृढ़ और दूरदर्शी नेता से मिलने का अनुभव” हुआ।
उन्होंने कहा, “हमारे देश के प्रति उनका समर्पण वास्तव में प्रेरणादायक है। मैं हमेशा उनकी दृढ़ता और स्पष्ट दृष्टिकोण का प्रशंसक रहा हूं। भारत का नेतृत्व करने में उनकी बुद्धिमत्ता और गरिमा सराहनीय है।”
अभिनेता ने यह भी कहा कि संकटों से पार पाने और सभी चुनौतियों के बीच देश का नेतृत्व करने का उनका तरीका ऐसा है, जिससे “हर व्यक्ति को सीख लेनी चाहिए और उसे अपनाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास पर आमंत्रित किए जाने पर गर्व महसूस हुआ और उन्होंने कलाकारों और सृजनकर्ताओं के प्रति मोदी के “स्नेह, देखभाल और सम्मान” का स्वयं अनुभव किया है।
भाषा मनीषा माधव
माधव

Facebook


