गुवाहाटी, 25 जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में जारी बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार को हरसंभव सहायता देने का शनिवार को आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें फोन कर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने तबाही की सीमा, जारी राहत एवं बचाव कार्यों तथा जमीनी स्तर पर हमारे सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में जानकारी मांगी।’’
शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों और हर प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने जनहानि और संपत्ति के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा असम के लोगों को आश्वस्त किया कि इस आपदा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। भारत सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में प्रधानमंत्री मोदी के आश्वासन और अटूट सहयोग के लिए असम की जनता उनकी आभारी है।
इस बीच, शनिवार को भी असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही, हालांकि कुछ इलाकों में पानी का स्तर घटने लगा है। अब तक बाढ़ से 61 लोगों की मौत हो चुकी है और नौ जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हैं।
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल