प्रधानमंत्री मोदी 10 मई को तेलंगाना में 7,823 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 10 मई को तेलंगाना में 7,823 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 10 मई को तेलंगाना में 7,823 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे
Modified Date: April 30, 2026 / 10:03 pm IST
Published Date: April 30, 2026 10:03 pm IST

हैदराबाद, 30 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 मई को तेलंगाना यात्रा के दौरान रेलवे और राजमार्ग सहित 7,823 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास करेंगे। केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

रेड्डी ने बताया कि मोदी महबूबनगर में 3,175 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और 611 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1.6 लाख किलोलीटर की क्षमता वाले पेट्रोल, डीजल, विमान ईंधन और लुब्रिकेंट के लिए पेट्रोलियम उत्पाद केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

उन्होंने बताया कि मोदी तेलंगाना दौरे के दौरान दो रेलवे स्टेशनों और चार अन्य रेलवे परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें 1,243 करोड़ रुपये की काजीपेट-विजयवाड़ा तीसरी लाइन परियोजना और काजीपेट तथा पेद्दापल्ली में रेलवे बाईपास लाइन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर आयोजित किये जाने की संभावना है। इसके बाद प्रधानमंत्री परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनसभा को संबोधित करेंगे।

रेड्डी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विकास पहलों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि उसने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोककर मोदी को हरा दिया है। उन्होंने कहा, लेकिन वास्तव में कांग्रेस ने ‘‘करोड़ों महिलाओं, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों को परास्त कर दिया है।’’

रेड्डी ने आरोप लगाया कि लोकसभा सीटों में प्रस्तावित वृद्धि को लेकर भविष्य में दक्षिणी राज्यों के साथ अन्याय होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन जिम्मेदार ठहराये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वे ‘‘भाषा और क्षेत्र के नाम पर लोगों के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की आंखों में खुशी देखना चाहती है, जिन्हें लगता है कि यदि निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन किया जाता है तो उनकी पार्टी का प्रभाव कम हो जाएगा।

भाषा धीरज वैभव

वैभव


लेखक के बारे में