(फाइल फोटो सहित)
चेन्नई, 10 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 मार्च को तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
वह तमिलनाडु की अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक रैली को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा से पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य भर में राजग की बढ़ती लोकप्रियता से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) परेशान है। तमिलनाडु के लोगों ने द्रमुक के कुशासन और अधूरे वादों को देखा है। यही कारण है कि वे राजग के आशा और प्रगति के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।’’
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में उनकी अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इससे विशेष रूप से दक्षिणी तमिलनाडु में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। शाश्वत संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध मदुरै शहर अब वैश्विक स्तर पर अपने संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है।’’
शुरू की जाने वाली परियोजनाओं में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस बुनियादी ढांचा, ग्रामीण कनेक्टिविटी, राजमार्ग विकास और रेलवे सेवाएं शामिल हैं।
वह दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक पैसेंजर ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे तमिलनाडु की रेल कनेक्टिविटी तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत समेत अन्य क्षेत्रों से और मजबूत होगी, जिससे यात्रियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
भाषा आशीष नरेश
नरेश