त्रिपुरा में निवेश आकर्षित करने में मदद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी: मुख्यमंत्री माणिक साहा
त्रिपुरा में निवेश आकर्षित करने में मदद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी: मुख्यमंत्री माणिक साहा
अगरतला, 28 मई (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य में निवेश आकर्षित करने और उद्योगों एवं संबद्ध क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए समर्थन का आश्वासन दिया है।
राज्य सरकार ने लगभग 30,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने के लिए जुलाई में एक व्यापार शिखर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
साहा ने पत्रकारों से कहा, “मैंने 26 मई को प्रधानमंत्री के साथ विकास से लेकर वित्तीय मामलों और व्यापार सुगमता के लिए उदारीकरण उपायों जैसे विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। पहले चरण में, त्रिपुरा उदारीकरण के कार्यान्वयन में प्रथम स्थान पर रहा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती राज्य में निवेश लाने और उद्योगों एवं संबद्ध क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए समर्थन का आश्वासन दिया है।
साहा ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा, “राज्य शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों पर प्रधान के साथ सार्थक चर्चा हुई।”
उन्होंने ‘फेसबुक’ पर कहा, “शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास, डिजिटल शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाओं व अवसरों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।”
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


