पीएमके के संस्थापक डॉ. रामदास अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री स्टालिन ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना

पीएमके के संस्थापक डॉ. रामदास अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री स्टालिन ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना

पीएमके के संस्थापक डॉ. रामदास अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री स्टालिन ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना
Modified Date: October 6, 2025 / 08:05 pm IST
Published Date: October 6, 2025 8:05 pm IST

चेन्नई, छह अक्टूबर (भाषा) पीएमके के संस्थापक डॉ. एस रामदास को हृदय संबंधी जांच के लिए यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अस्पताल में डॉ. रामदास से मिलने गए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने उनका हाथ थामकर उनका हालचाल पूछा।

अपने कैबिनेट सहयोगियों के. एन. नेहरू और ई. वी. वेलु के साथ पहुंचे स्टालिन ने रामदास के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और आशा जतायी कि पीएमके नेता जल्द ही नियमित कामकाज शुरू करेंगे।

अस्पताल की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि डॉ. रामदास को वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. जी. सेंगोट्टुवेलु की देखरेख में नियमित चिकित्सा जांच के लिए भर्ती कराया गया है।

बुलेटिन में कहा गया है, ‘उनकी गहन जांच की जा रही है और कुछ दिन में उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है।’

अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि पांच अक्टूबर को भर्ती हुए 86 वर्षीय नेता की हालत स्थिर है और नियमित जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।

रामदास के अस्पताल में भर्ती होने के बाद, उनके बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अंबुमणि रामदास आज अस्पताल में उनसे मिलने गए। दोनों के बीच काफी समय से पार्टी की अगुवाई को लेकर संघर्ष जारी है।

बाद में, पत्रकारों से बात करते हुए, अंबुमणि ने कहा कि आज कुछ जांचें की गईं और चिकित्सकों ने उनके पिता को अस्पताल में दो दिन आराम करने की सलाह दी है।

भाषा जोहेब रंजन

रंजन


लेखक के बारे में