पीएमके नेता अंबुमणि ने टीवीके से तमिलनाडु सरकार में रिक्तियों को भरने का आग्रह किया

Ads

पीएमके नेता अंबुमणि ने टीवीके से तमिलनाडु सरकार में रिक्तियों को भरने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 01:41 PM IST

चेन्नई, 31 मई (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) नेता अंबुमणि रामदास ने रविवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार से तमिलनाडु के सरकारी विभागों में बढ़ती रिक्तियों को भरने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार मिल सके।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘मई के अंत तक तमिलनाडु सरकार के विभिन्न विभागों से 5,000 से अधिक कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार की सेवाओं में कुल रिक्त पदों की संख्या पांच लाख से अधिक हो गई है, जो सरकारी विभागों में 41.7 प्रतिशत रिक्ति दर को दर्शाती है। इससे लोक प्रशासन अस्थिर हो रहा है।’’

अंबुमणि ने कहा कि तमिलनाडु के सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और स्थानीय निकायों में स्वीकृत पदों की संख्या 12 लाख से अधिक है। उन्होंने दावा किया, ‘‘मौजूदा अधिकतर रिक्तियां वर्षों से अधिकारियों द्वारा इन्हें भरने के लिए कार्रवाई न करने के कारण पैदा हुई हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर वर्ष औसतन लगभग 50,000 सरकारी पद रिक्त होते हैं, लेकिन उनमें से केवल लगभग 10,000 पद ही भरे जाते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके परिणामस्वरूप पिछले दो दशकों में रिक्त पदों की संख्या लगातार बढ़ती गई है। सार्वजनिक सेवाओं में पर्याप्त संख्या में भर्ती नहीं होने के कारण सरकारी नौकरी लाखों शिक्षित युवाओं के लिए एक दूर का सपना बन गई है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि जब द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) 2021 में सत्ता में आई थी, तब उसने कुल 5.5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था।

अंबुमणि ने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन पांच वर्षों में पार्टी ने कुल मिलाकर केवल लगभग 50,000 लोगों को ही सरकारी रोजगार दिया है।’’

भाषा गोला सुरभि

सुरभि