खेड़ा प्रकरण में पुलिस अपना काम कर रही : हिमंत विश्व शर्मा
खेड़ा प्रकरण में पुलिस अपना काम कर रही : हिमंत विश्व शर्मा
गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा की ओर से दायर मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का पीछा करके अपना काम कर रही है।
रिनिकी ने उन पर कई देशों का पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति रखने का आरोप लगाने को लेकर खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
हिमंत ने कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई पर भी उनकी पत्नी और बच्चों की ब्रिटिश नागरिकता को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने “परिवार को भारतीय नहीं बना सका”, वह हमारी सेवा कैसे कर सकता है।
असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद गुवाहाटी में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से हिमंत ने कहा, “हमने खेड़ा के पीछे पुलिस लगा दी है। हम और किसे लगाएंगे? उनके पीछे उल्फा नहीं, बल्कि पुलिस लगी हुई है। अगर प्राथमिकी दर्ज है, तो उस पर कार्रवाई करना पुलिस का कर्तव्य है।”
मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाने के लिए पुलिस को खेड़ा के पीछे लगाने के कांग्रेस के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पुलिस कानून की मुलाजिम है और वह एक ऐसे व्यक्ति के आवास पर जा रही है, जिसका नाम एक कानूनी मामले में सामने आया है… पुलिस को अपराधियों के आवास पर जाकर जांच करने के लिए वेतन दिया जाता है।”
असम पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को रिनिकी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास की तलाशी ली थी। हालांकि, उस वक्त खेड़ा वहां नहीं मिले थे।
हिमंत ने कहा, “गौरव गोगोई (जोरहाट में) अपनी मां के साथ वोट डालने गए थे, अपनी पत्नी के साथ नहीं। मैं अपनी पत्नी के साथ गया था।… अगर गोगोई की पत्नी उनके साथ जा पातीं, तो कितना अच्छा लगता।”
उन्होंने कहा, “इससे साबित होता है कि मेरे ये आरोप सही हैं कि वह अपने परिवार को भारतीय नहीं बना सके। ऐसा व्यक्ति हमारी सेवा कैसे करेगा?”
भाषा पारुल राजकुमार
राजकुमार

Facebook


