चंडीगढ़, चार अक्टूबर (भाषा) पंजाब के गैंगस्टर रोधी कार्य बल ने दो विदेशी भगोड़े गैंगस्टर के एक प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जो एक हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह गिरफ्तारी लुधियाना ग्रामीण इलाके से हुई।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि, ‘एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, पंजाब की गैंगस्टर रोधी कार्य बल ने लुधियाना ग्रामीण इलाके में पुलिस समूह द्वारा आरोपियों को हिरासत में लेने के प्रयास के दौरान हुई एक संक्षिप्त गोलीबारी हुई जिसके बाद भगोड़े विदेशी गैंगस्टर डोनी बल और मुन्न घनशामपुरिया के एक प्रमुख सहयोगी गुरप्रीत सिंह उर्फ विक्की निहंग को गिरफ्तार कर लिया गया।’
डीजीपी ने कहा कि सिंह लुधियाना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कार्तिक बग्गन की हत्या के सिलसिले में वांछित था। यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उसका इतिहास आपराधिक रहा है और उसे इससे पहले जनवरी 2025 में मोहाली में दो अवैध विदेशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘गिरफ्तार व्यक्ति और उसके साथियों को उनके विदेशी आकाओं ने पंजाब में सनसनीखेज हत्याएं करने के निर्देश दिए थे, जो गिरफ्तारी से टल गईं है।’
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
भाषा प्रचेता नेत्रपाल रंजन
रंजन