दिल्ली आ रही हरियाणा युवा कांग्रेस की ‘ट्रैक्टर रैली’ पर पानीपत में पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार

Ads

दिल्ली आ रही हरियाणा युवा कांग्रेस की ‘ट्रैक्टर रैली’ पर पानीपत में पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार

  •  
  • Publish Date - September 23, 2020 / 11:35 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:28 PM IST

चंडीगढ़, 23 सितंबर (भाषा) केंद्र के कृषि सुधार विधेयकों के विरोध में दिल्ली की तरफ बढ़ रही हरियाणा युवा कांग्रेस के नेतृत्व वाली रैली को रोकने के लिये पुलिस ने बुधवार को पानीपत में पानी की बौछार छोड़ी।

पानीपत जिले में पुलिस द्वारा बैरीकेड लगाकर रोकी गई “ट्रैक्टर रैली” में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी भी शामिल हुए।

कुछ प्रदर्शनकारियों ने जब बैरीकेड को पार करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने के लिये पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

पुलिस ने कहा कि बाद में कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऐहतियातन हिरासत में लिया गया।

युवा कांग्रेस के नेताओं का दावा था कि इस रैली में बहुत से किसानों ने भी हिस्सा लिया। यह रैली पानीपत से दिल्ली आनी थी जहां कार्यकर्ताओं का संसद के घेराव का कार्यक्रम था। ये लोग कृषि विधेयकों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे जो उनके मुताबिक किसान विरोधी हैं।

इस रैली के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिये सामान्य यातायात भी बाधित हुआ।

इससे पहले रविवार को हरियाणा पुलिस ने पंजाब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अंबाला जिले में प्रवेश कर आगे दिल्ली जाने से रोकने के लिये पानी की बौछार का इस्तेमाल किया था। ये कार्यकर्ता भी कृषि विधेयकों के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाल रहे थे।

उस ट्रैक्टर रैली में श्रीनिवास बी वी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ शामिल थे।

भाषा

प्रशांत मनीषा

मनीषा