केरल विधानसभा चुनाव को देश-विदेश के लिए आदर्श के रूप में पेश करें राजनीतिक दल:ज्ञानेश कुमार

Ads

केरल विधानसभा चुनाव को देश-विदेश के लिए आदर्श के रूप में पेश करें राजनीतिक दल:ज्ञानेश कुमार

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 03:39 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

कोच्चि, छह मार्च (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने शुक्रवार को सभी राजनीतिक दलों से आगामी केरल विधानसभा चुनाव को न केवल देश के लिए बल्कि विश्व के लिए भी एक आदर्श बनाने का आह्वान किया। निर्वाचन आयोग (ईसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कुमार ने निर्वाचन आयुक्तों– डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी तथा (राज्य के) मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर के संग यहां राष्ट्रीय और राज्य के क्षेत्रीय दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त तीन दिवसीय केरल दौरे पर हैं।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, अधिकतर राजनीतिक दलों ने केरल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन को लेकर आयोग की सराहना की।

कुछ दलों ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए गए कार्यों की भी प्रशंसा की।

कुमार ने दोहराया कि पारदर्शी तरीके से एसआईआर किया गया । उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या सुधार करने के लिए फॉर्म छह, सात और आठ अब भी दाखिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि अधिनियम, 1950 के तहत जिला मजिस्ट्रेट या मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष भी अपील दायर की जा सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान राजनीतिक दलों ने आयोग से चुनाव के दौरान धनबल के प्रयोग और शराब एवं मुफ्त उपहारों के वितरण पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की।

कुछ राजनीतिक दलों ने आयोग से चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देते समय स्थानीय त्योहारों को ध्यान में रखने का भी अनुरोध किया।

बैठक में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जैसे राष्ट्रीय दलों ने भाग लिया।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (एम) और क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी जैसे क्षेत्रीय दल भी इस बैठक में शामिल थे।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश