गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव के चलते राजधानी गुवाहाटी से लेकर दिल्ली तक सियासत गरमाई हुई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के असम सीएम की पत्नी रिंकी पर लगाए आरोप पर शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। असम पुलिस भी इसे लेकर मंगलवार को दिल्ली पहुंच गई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि सीएम सरमा की पत्नी रिंकी के पास ना केवल तीन मुस्लिम देशों के पासपोर्ट हैं बल्कि कई जिलों के चाय बागानों पर भी कब्जा कर लिया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर दिए इस बयान के चंद घंटों के भीतर ही असम पुलिस ने दिल्ली में दस्तक दे दी। असम पुलिस की टीम मंगलवार दोपहर 12 बजे कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पहुंची, लेकिन जिस पवन खेड़ा की तलाश में पुलिस पहुंची थी वो घर पर नहीं मिले। सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा हैदराबाद भाग गए है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस के छापे और हिमंता बिस्व सरमा के हमले पर कांग्रेस भी शांत नहीं बैठी। असम सीएम को पवन खेड़ा के आरोप पर जवाब देने की चुनौती दी। सीएम हिमंता बिस्व सरमा इससे पहले भी कांग्रेस, राहुल गांधी और पवन खेडा के खिलाफ हमलावर रहे है। असम विधानसभा चुनाव के चलते जुबानी हमलों में तेजी आई है। असम पुलिस की छापे की कार्रवाई से पहले दिया उनका एक बयान अब चर्चा में है।
बीजेपी असम की सत्ता पर बीते 10 साल से काबिज है। बीजेपी का गढ़ भेदने के लिए कांग्रेस ने विदेशी पासपोर्ट के आरोप का बड़ा दांव चला है। इसमें कितनी सच्चाई है ये तो जांच के बाद ही साफ होगा, लेकिन तब तक असम में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और नतीजे भी आ जाएगे ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव के नतीजों पर इसका कितना असर पड़ता है। क्या कांग्रेस को इसका फायदा मिलेगा या फिर ये दांव उल्टा पड़ जाएगा?