शबरिमला सोना चोरी मामले पर सियासत तेज; सतीशन का माकपा पर पलटवार

शबरिमला सोना चोरी मामले पर सियासत तेज; सतीशन का माकपा पर पलटवार

शबरिमला सोना चोरी मामले पर सियासत तेज; सतीशन का माकपा पर पलटवार
Modified Date: March 31, 2026 / 01:50 pm IST
Published Date: March 31, 2026 1:50 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 31 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि शबरिमला सोना चोरी मामले में पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर आरोप लगाने से पहले, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की तस्वीर पर जवाब देना चाहिए।

सतीशन पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे। सवाल में यह जिक्र था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शबरिमला मंदिर में कथित सोना चोरी को लेकर माकपा नेताओं पर निशाना साधते हुए एक व्यंग्य गीत की पंक्ति गाई थी। इसके बाद वाम दलों ने सोनिया गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया अभियान चलाया।

उन्होंने कहा कि विजयन राज्य के मुख्यमंत्री हैं और उन पर आरोप है कि उन्हें शबरिमला मंदिर से सोना चोरी तथा इसमें संलिप्त लोगों की जानकारी थी।

सतीशन ने कहा, “तो फिर उन्होंने पोट्टी के साथ तस्वीर क्यों खिंचवाई? पहले इसकी जांच होनी चाहिए, उसके बाद हम सोनिया गांधी की जांच कर सकते हैं।”

इससे पहले, राहुल गांधी ने सोमवार को पत्तनमथिट्ठा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए “स्वर्णम कट्टथु आरप्पा” (अय्यप्पा का सोना किसने चुराया) पंक्ति गाई थी। यह गीत कुछ महीने पहले स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) द्वारा वाम दलों के खिलाफ मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल किया गया था।

भाषा खारी नोमान

नोमान


लेखक के बारे में