प्रभाकर सर्वसम्मति से तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए

प्रभाकर सर्वसम्मति से तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए

प्रभाकर सर्वसम्मति से तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए
Modified Date: May 12, 2026 / 03:04 pm IST
Published Date: May 12, 2026 3:04 pm IST

(तस्वीरों सहित)

चेन्नई, 12 मई (भाषा) तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक जेसीडी प्रभाकर को मंगलवार को सर्वसम्मति से राज्य विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया।

मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय ने उनके चुनाव के तुरंत बाद कहा कि विधानसभा की यह जिम्मेदारी है कि वह लोगों की अपेक्षाओं को योजनाओं और कानूनों में परिवर्तित करें।

तमिलनाडु विधानसभा के 17वें सत्र में अपने पहले भाषण में विजय ने कहा, ‘‘यहां सभी समान हैं। विपक्षी सदस्यों और सत्ताधारी टीवीके द्वारा व्यक्त किए गए विचारों को समान महत्व दिया जाएगा। अच्छी बातों को स्वीकार किया जाएगा जबकि अवांछित विचारों को अस्वीकार किया जाएगा। इस विधानसभा को लोकतंत्र के दिल और दिमाग के रूप में कार्य करना चाहिए।’’

विजय ने विधानसभा अध्यक्ष प्रभाकर और उपाध्यक्ष एम. रविशंकर को उनके संबंधित पदों पर निर्विरोध निर्वाचित होने के लिए बधाई देने के साथ ही उन्हें सदन के सुचारू संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के एक उद्धरण से करते हुए इस बात पर जोर दिया कि विधानसभा में सभी समान हैं। उन्होंने जनता, विशेषकर युवाओं के कल्याण और प्रशासन में पारदर्शिता के प्रति अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।

इसके अलावा, उन्होंने विधानसभा में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया का वर्णन किया जिसमें सदन के नेता और नेता प्रतिपक्ष नव निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष के हाथ पकड़कर उन्हें उनकी कुर्सी तक ले जाते हैं।

इससे पहले, कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष एम.वी. करुपैया ने सदन में कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रभाकर के नाम का प्रस्ताव रखा गया था और एकमात्र नामांकन प्राप्त होने पर उन्हें सर्वसम्मति से एवं निर्विरोध चुना गया है।

करुपैया ने इस चुनाव के बाद कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के समाप्त होने की घोषणा की।

उन्होंने सदन के नेता के. ए. सेंगोत्तैयान और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को सदन की परंपरा के अनुसार नव निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष को उनके आसन तक ले जाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि आज से प्रभाकर सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे।

इसके बाद सेंगोत्तैयान और उदयनिधि ने प्रभाकर को बधाई दी। वे उन्हें सदन के मध्य स्थित उनके आसन तक ले गए जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य आसन के दोनों ओर आमने-सामने बैठते हैं।

पदभार ग्रहण करते ही प्रभाकर ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया। उन्होंने बताया कि थुरैयूर से टीवीके विधायक एम. रविशंकर उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र सदस्य हैं और उनका नामांकन सेंगोत्तैयान द्वारा प्रस्तावित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कोई प्रतिद्वंदी न होने की वजह से रविशंकर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

भाषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में